लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 की दोनों पालियों की परीक्षा बुधवार को प्रदेश के 955 परीक्षा केंद्रों पर सकुशल संपन्न हो गई। परीक्षा में पंजीकृत 8,07,636 अभ्यर्थियों में से 6,84,614 अभ्यर्थी शामिल हुए। इस प्रकार कुल उपस्थिति 84.76 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों की उपस्थिति 84.69 प्रतिशत तथा महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 84.86 प्रतिशत रही। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे।
AI आधारित सत्यापन प्रणाली के दौरान कुल 15 फर्जी परीक्षार्थियों की पहचान की गई। इनमें प्रथम पाली में सात और द्वितीय पाली में आठ अभ्यर्थी शामिल रहे। सभी आरोपितों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के लिए संबंधित स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन और तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को लेकर शिक्षा विभाग ने संतोष व्यक्त किया है। अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग किया गया।
