कौशाम्बी:
सराय अकिल थाना क्षेत्र के तिल्हापुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर यमुना नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सहेलियों के साथ नदी में नहाने गई चार किशोरियां अचानक गहरे पानी में चली गईं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए तीन किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक किशोरी तेज बहाव में लापता हो गई।
लापता किशोरी की पहचान करिश्मा, पुत्री स्वर्गीय महेश पासी, निवासी तिल्हापुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सराय अकिल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में सर्च अभियान शुरू कराया गया। देर शाम तक किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका था।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किशोरी की तलाश युद्धस्तर पर जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद तिल्हापुर समेत आसपास के गांवों में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
