Education
🔴 Breaking

वित्तीय जागरूकता से आत्मनिर्भर बनेंगी ग्रामीण महिलाएं

SEBI और NSE की पहल पर मिशन शक्ति के तहत आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम

24 views

कौशाम्बी : पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय चिल्ला शहबाजी, चायल में बुधवार को मिशन शक्ति के अंतर्गत भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) व नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के संयुक्त अगुवाई में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामीण महिलाओं और अभिभावकों को बचत, सुरक्षित निवेश, वित्तीय प्रबंधन और साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए वित्तीय शिक्षा की जानकारी होना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सेबी प्रशिक्षक आरती हरिचंद्र ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का एक महत्वपूर्ण आधार आर्थिक आत्मनिर्भरता है। इसके लिए महिलाओं को अपनी आय और बचत का सही प्रबंधन करने के साथ ही सुरक्षित निवेश के विकल्पों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निवेश करने से पहले संबंधित योजना की पूरी जानकारी प्राप्त करें और उसकी विश्वसनीयता की जांच जरूर करें। अधिक लाभ का लालच देने वाली फर्जी योजनाओं, साइबर ठगी और अनजान लोगों के झांसे में आकर अपनी मेहनत की कमाई जोखिम में न डालें।

विद्यालय की प्रधानाध्यापक पूनम सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है। इसमें वित्तीय साक्षरता की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं, बचत के तरीकों, सुरक्षित निवेश और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के बारे में जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सेबी और एनएसई की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय कदम है। इससे महिलाएं अपने परिवार के आर्थिक भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सही निर्णय ले सकेंगी।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण केवल सुरक्षा और सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं का आर्थिक रूप से सक्षम होना भी उतना ही आवश्यक है। वित्तीय जानकारी होने से महिलाएं अपनी जरूरतों के अनुरूप बचत कर सकती हैं और भविष्य की आर्थिक चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकती हैं।

कार्यक्रम में एआरपी पुष्पेंद्र सिंह, ग्राम प्रधान अजय कुमार, सुरेंद्र सिंह, विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।