कौशाम्बी: सिराथू विकासखंड के न्याय पंचायत रामपुर धमावा के मजरा सरैया स्थित प्राथमिक विद्यालय सरैया से पानी की मोटर चोरी हो गई। घटना के बाद प्रधानाध्यापक संध्या सिंह ने मंगलवार को चौकी इंचार्ज सिराथू को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्रधानाध्यापक ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि दो अक्टूबर की शाम विद्यालय बंद करने के बाद स्टाफ ने रोजाना की तरह मुख्य गेट पर ताला लगाया था। तीन अक्टूबर को विद्यालय खुलने पर परिसर में पानी की मोटर का स्थान खुला मिला। जांच करने पर मोटर गायब मिली। विद्यालय स्टाफ ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन मोटर का कोई सुराग नहीं लगा।
मोटर चोरी होने से विद्यालय में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है। साथ ही मध्यान्ह भोजन तैयार करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानाध्यापक ने पुलिस से मामले को संज्ञान में लेकर मोटर की बरामदगी और चोरी की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
