क्षेत्र के कसिया पूर्व स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय द्वितीय की बाउंड्री वॉल लंबे समय से टूटी होने के कारण विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त होने से अराजक तत्व विद्यालय परिसर में आसानी से प्रवेश कर तोड़फोड़ और अन्य शरारती गतिविधियां कर रहे हैं, जिससे शिक्षकों और छात्रों में चिंता बनी हुई है।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका ममता देवी ने बताया कि बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए नगर पालिका परिषद भरवारी को लिखित पत्र दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की सुरक्षा और बच्चों के हित में जल्द से जल्द बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाना आवश्यक है।
इस संबंध में नगर पालिका परिषद भरवारी के अधिशासी अधिकारी राम सिंह ने बताया कि विद्यालय का पत्र प्राप्त हो गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाएगा, ताकि विद्यालय परिसर सुरक्षित हो सके।