Others
🔴 Breaking

विद्यालय के सामने मृत मिला मोर, वन विभाग ने कब्जे में लिया

बच्चों की सतर्कता पर प्रधानाध्यापक अजय साहू ने वन विभाग को दी सूचना , पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

56 views

कौशाम्बी : विकास खंड कड़ा के संविलियन विद्यालय सौरई बुजुर्ग के सामने सोमवार सुबह राष्ट्रीय पक्षी मोर मृत अवस्था में मिला। विद्यालय के बच्चों की सतर्कता से इसकी जानकारी तत्काल वन विभाग तक पहुंची, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह कुछ बच्चों ने विद्यालय के सामने एक मोर को अचेत अवस्था में पड़ा देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय साहू को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाध्यापक मौके पर पहुंचे और राष्ट्रीय पक्षी के संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत वन विभाग को जानकारी दी।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत मोर को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। वन कर्मियों ने बताया कि मोर के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा और उसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

घटना के बाद ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने बच्चों की जागरूकता और प्रधानाध्यापक की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। लोगों ने कहा कि वन्य जीवों और राष्ट्रीय पक्षी के संरक्षण के प्रति इस तरह की संवेदनशीलता समाज के लिए प्रेरणादायक है।