कौशाम्बी:उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत रविवार को कंपोजिट विद्यालय जलालपुर भर्ती नेवादा में निरक्षर परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में 15 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग के निरक्षरों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। परीक्षा के माध्यम से नवसाक्षरों के पढ़ने, लिखने और सामान्य गणितीय ज्ञान का आकलन किया गया।
परीक्षा केंद्र पर प्रतिभागियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए। परीक्षार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रश्नों को हल किया। विद्यालय के शिक्षकों ने परीक्षा के दौरान आवश्यक सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखा। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा से वंचित लोगों को साक्षर बनाकर उन्हें दैनिक जीवन में पढ़ने-लिखने और सामान्य गणना करने में सक्षम बनाना है।
शिक्षक योगेंद्र ने बताया कि नवभारत साक्षरता कार्यक्रम समाज के उन लोगों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा प्राप्त नहीं कर सके। परीक्षा में शामिल प्रतिभागियों के उत्साह से अभियान को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली।
