Sports
🔴 Breaking

टीचर्स प्रीमियर लीग में मूरतगंज, कड़ा और मंझनपुर की शानदार जीत

टेवा स्टेडियम में टीचर्स प्रीमियर लीग के पांचवें संस्करण का हुआ शुभारंभ, रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल

106 views

कौशाम्बी: जिला स्टेडियम टेवा में रविवार को टीचर्स प्रीमियर लीग (टीपीएल) के पांचवें संस्करण का शुभारंभ हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष मंझनपुर वीरेंद्र सरोज फौजी ने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं शिक्षकों में आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देती हैं। आयोजन में जहां भी उनकी आवश्यकता होगी, वह पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। उद्घाटन के बाद हुए मुकाबलों में मूरतगंज सनराइजर्स, कड़ा सुपर किंग और मंझनपुर फाइटर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

मूरतगंज ने कौशांबी को हराया

पहला मुकाबला मूरतगंज सनराइजर्स और कौशांबी के बीच खेला गया। मूरतगंज के कप्तान मारुति नंदन त्रिपाठी ने टास जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। कौशांबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। दिव्या रतन नौ रन बनाकर मनोज सिंह के हाथों कैच आउट हुए। प्रदीप कुमार को 19 रन के स्कोर पर संदीप आनंद ने राकेश बत्रा के हाथों स्टंप करा दिया।

कप्तान मारुति नंदन त्रिपाठी की शानदार गेंदबाजी के सामने कौशांबी के बल्लेबाज टिक नहीं सके। उन्होंने तीन ओवर में हैट्रिक सहित पांच विकेट हासिल किए और उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया। संदीप आनंद और अवधेश कुशवाहा ने दो-दो विकेट लिए। रवि पाठक ने शानदार क्षेत्ररक्षण करते हुए बेहतरीन कैच पकड़ा, जबकि राकेश बत्रा ने विकेटकीपिंग में दो खिलाड़ियों को पवेलियन भेजा।

कौशांबी की ओर से सुरेश चंद्र ने सर्वाधिक 33 रन की पारी खेली। मनोज वर्मा ने सात, दिव्या रतन ने नौ, जस्मन ने एक, कृष्ण प्रकाश सिंह ने शून्य, नितिन जायसवाल ने नौ, कमलेश ने शून्य, अरुण कुमार बंजर ने शून्य, अवनीश यादव ने शून्य और संजीव कुमार ने एक रन बनाया। कौशांबी ने नौ विकेट खोकर 90 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मूरतगंज की टीम ने 10.3 ओवर में 91 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। सुशील तिवारी ने 20, मोहम्मद अरशद ने छह और अवधेश कुशवाहा ने सात रन बनाए। सूरज सिंह ने शानदार 40 रन की पारी खेलकर जीत की नींव रखी। ज्ञानेंद्र और शान अहमद ने भी उपयोगी योगदान दिया। राकेश बत्रा दो और इरशाद अहमद एक रन बनाकर नाबाद रहे। कौशांबी की ओर से मनोज वर्मा ने चार व अमित चौधरी और कृष्ण प्रकाश ने एक-एक विकेट लिया।

कड़ा सुपर किंग ने सिराथू चैंपियंस को हराया

दूसरे मुकाबले में कड़ा सुपर किंग और सिराथू चैंपियंस आमने-सामने रहे। सिराथू चैंपियंस के कप्तान जयप्रकाश ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन पूरी टीम 10 ओवर में 61 रन पर सिमट गई। चंद्र किशोर ने 20, अवनीश मिश्रा ने 11 और विकास ने आठ रन बनाए।

कड़ा की ओर से राहुल सिंह ने चार, अभिषेक सिंह ने तीन, जबकि शिव बाबू और प्रियांशु ओझा ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कड़ा सुपर किंग की टीम ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। अभिषेक सिंह ने महज 16 गेंदों में 41 रन की शानदार पारी खेली। उनके इस प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया। मिथुन ने चार और राहुल सिंह ने पांच रन बनाए। कड़ा सुपर किंग ने 5.5 ओवर में 62 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मंझनपुर फाइटर ने दो रन से जीता रोमांचक मुकाबला

दिन का तीसरा मुकाबला मंझनपुर फाइटर और सिराथू वॉरियर्स के बीच खेला गया। मंझनपुर फाइटर के कप्तान राजेश शुक्ला ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पवन कुमार और राजेश शुक्ला ने पारी की शुरुआत की। पवन कुमार ने 40 गेंदों पर ताबड़तोड़ 93 रन की शानदार पारी खेली। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन आफ द मैच चुना गया।

संदीप सोनकर ने नौ, केशव प्रसाद ने एक और रितेश सिंह ने चार रन बनाए। मंझनपुर फाइटर ने तीन विकेट खोकर 123 रन बनाए और सिराथू वॉरियर्स के सामने 124 रन का लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिराथू वॉरियर्स की टीम ने भी मुकाबले को रोमांचक बना दिया। मनोज कुमार ने 26 गेंदों में 46 रन की बेहतरीन पारी खेली। नीरज कुमार ने 27, आलोक पटेल ने पांच, करुणेश यादव ने चार, संतोष कुमार ने नौ और सुरेश कैथल ने नौ रन बनाए। इसके बावजूद टीम निर्धारित 10 ओवर में 121 रन ही बना सकी। मंझनपुर फाइटर ने दो रन से रोमांचक जीत दर्ज की। राजेश शुक्ला ने दो, राकेश ने एक और अमित कुमार ने तीन विकेट हासिल किए।

इस अवसर पर सरसवां ब्लाक अध्यक्ष विनय सिंह, ब्लाक मंत्री आलोक सोनी, एआरपी हिंदी पंकज सिंह सहित आयोजन ब्लाक सरसवां के सदस्य मौजूद रहे। प्रतियोगिता में शिक्षकों ने खेल भावना के साथ प्रतिभाग करते हुए क्रिकेट के प्रति अपने उत्साह का प्रदर्शन किया।