Education
🔴 Breaking

तिरंगे के संग दिखेगा शिक्षक-कर्मचारियों का दम, अटेवा ने भरी हुंकार

बीआरसी सिराथू में 21 अगस्त की तिरंगा यात्रा व लखनऊ की विशाल रैली को सफल बनाने के लिए बनाई गई रणनीति

52 views

कौशाम्बी: अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर शनिवार को सिराथू ब्लॉक के बीआरसी सभागार में जिला अध्यक्ष कुशल सिंह की अध्यक्षता में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में आगामी 21 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा व लखनऊ में आयोजित होने वाली विशाल रैली को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 21 अगस्त को जिले में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने सभी शिक्षक व कर्मचारियों से कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

सिराथू ब्लॉक अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने लखनऊ में प्रस्तावित विशाल रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता ही पुरानी पेंशन बहाली जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती प्रदान करेगी।

जिला आईटी सेल प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुरानी पेंशन बहाली की मांग और संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने संगठन को तन, मन व धन से मजबूत बनाने पर बल दिया। जिला संगठन मंत्री इकबाल अली ने सभी शिक्षक व कर्मचारियों से स्वेच्छा से अटेवा की सदस्यता ग्रहण करने की अपील की।

ब्लॉक महामंत्री रामू सिंह ने संगठन की मजबूती के लिए एकजुट रहने का संदेश दिया। जिला आय-व्यय निरीक्षक राजकुमार ने प्रेरणादायी गीतों के माध्यम से उपस्थित शिक्षक व कर्मचारियों में उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने किया।

इस अवसर पर सुषमा जायसवाल, शशि साहू, शालिनी सिंह, मनोरमा देवी, गरिमा यादव, मलखान सिंह, अंजुल तिवारी, योगेंद्र प्रताप सिंह, जंग बहादुर सिंह, अनूप सिंह, महेश कुमार, महेंद्र चौधरी, गोपाल चंद, मनोज कुमार, सूर्य प्रकाश तिवारी, यदुराज सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी व संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।