कौशाम्बी :बीआरसी कौशांबी में सोमवार को तिरंगा यात्रा के सफल व भव्य आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी डा. अरुण कुमार सिंह ने
तिरंगा यात्रा की पूर्व निर्धारित कार्ययोजना, विद्यालयवार सहभागिता, शिक्षकों व विद्यार्थियों की भागीदारी, यात्रा मार्ग, अनुशासन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। खंड शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित कर तिरंगा यात्रा को गरिमापूर्ण व व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराएं।
उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत किया जाए। साथ ही शासन की ओर से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में एआरपी कृष्ण प्रकाश सिंह, अनिल कुमार सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, अजीत कुमार शुक्ला व एलएलएफ टीम के मोहम्मद शादाब मौजूद रहे। सभी ने आपसी समन्वय और सहभागिता के साथ तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।
