Sports
🔴 Breaking

स्वतंत्रता दिवस पर क्रासकंट्री दौड़ में बलराज व रचना ने मारी बाजी

140 बालकों और 65 बालिकाओं ने लिया हिस्सा, विजेता खिलाड़ियों को किया गया पुरस्कृत

62 views

कौशांबी : स्वतंत्रता दिवस एवं हर घर तिरंगा अभियान के अवसर पर शनिवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में जिला स्तरीय बालक-बालिका वर्ग की पांच किलोमीटर क्रासकंट्री दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बालक वर्ग के 140 और बालिका वर्ग की 65 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दौड़ स्टेडियम के गेट नंबर एक से शुरू होकर पोस्टमार्टम रोड, भेलखा गांव होते हुए निर्धारित मार्ग से पूरी हुई।

प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी का उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने बैच लगाकर स्वागत किया। इसके बाद अजय प्रताप साहू ने हरी झंडी दिखाकर क्रासकंट्री दौड़ का शुभारंभ कराया। खिलाड़ियों ने देशभक्ति के उत्साह के साथ दौड़ में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

बालक वर्ग में बलराज ने प्रथम, गजेंद्र सिंह ने द्वितीय और शनिकुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सचिन कुमार चौथे, नन्हे पांचवें और शिवशंकर छठे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में रचना प्रथम, कौशल्या द्वितीय और विजय लक्ष्मी तृतीय स्थान पर रहीं। कोमल ने चौथा, लक्ष्मी ने पांचवां और मोनिका ने छठा स्थान हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार रियांश, राजा और आर्यन को दिया गया।

इस अवसर पर कौशिक पाल, अरविंद मौर्या, मनोज, विपिन, संदीप मौर्या, खेलो इंडिया प्रशिक्षक संदीप कुमार, प्रवेश कुमार, रमन सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। अंत में उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों, निर्णायक मंडल एवं उपस्थित गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।