Health
🔴 Breaking

स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त हुए डीएम, डीसीपीएम पर कार्रवाई के निर्देश

जननी सुरक्षा योजना, आयुष्मान कार्ड और संस्थागत प्रसव की समीक्षा में कई स्वास्थ्य केंद्रों की प्रगति पर जताई नाराजगी

5 views

कौशाम्बी : जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल की अध्यक्षता में बुधवार को उदयन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने कार्यों में लापरवाही और शिथिलता पर नाराजगी जताई तथा संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए।

परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूरतगंज, कनैली और चायल में लाभार्थियों के भुगतान की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और संबंधित प्रभारी चिकित्साधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर और उप स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने डीसीपीएम के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों में तेजी लाने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्यदायी संस्था से समन्वय स्थापित करने को कहा।

बैठक में आभा आईडी, नियमित टीकाकरण और आयुष्मान भारत योजना की भी समीक्षा की गई। आयुष्मान कार्ड बनाने में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने कैंप लगाकर लाभार्थियों के कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों की उपलब्धता और एम्बुलेंस सेवाओं की स्थिति की भी जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।