कौशाम्बी : विश्व हाथ धुलाई दिवस पर गुरुवार को सिराथू विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय रामपुर धमावां में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहायक अध्यापक दीपनारायण मिश्र ने सुमन-के (SUMANK) गतिविधि के माध्यम से बच्चों को हाथ धोने के सही तरीके बताए। उन्होंने कहा कि हाथों की स्वच्छता अपनाकर डायरिया सहित कई संक्रामक बीमारियों से बचा जा सकता है।
उन्होंने बताया कि गंदे हाथों से खाना खाने या हाथ मुंह में डालने से संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। शौच के बाद, खाना खाने से पहले और आंख, नाक, मुंह व कान छूने से पहले हाथों को अच्छी तरह धोना चाहिए। साबुन से 40 से 60 सेकंड तक हाथ धोना संक्रमण से बचाव का प्रभावी तरीका है।
छह चरणों में समझाया हाथ धोने का तरीका
सुमन-के गतिविधि के अंतर्गत बच्चों को हाथ धोने के छह चरण समझाए गए। इसमें एस से सीधा, यू से उल्टा, एम से मुट्ठी, ए से अंगूठा, एन से नाखून और के से कलाई को साबुन से अच्छी तरह रगड़कर साफ करना शामिल है। छात्रा हिमांशी, प्रिया, प्रियांशी, नीलू, ज्योति, अनुज और हिमांशु ने गतिविधि के माध्यम से सभी चरणों का प्रदर्शन किया। बच्चों ने स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ घर और गांव में भी लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका भावना शुक्ला, सहायक अध्यापक विजयराज सिंह और शशांक कुमार उपस्थित रहे।
