, कौशाम्बी : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के तत्वावधान में जिला खेल कार्यालय कौशाम्बी की ओर से अंडर-14 जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले में स्टेडियम ए की टीम ने एसएवी इंटर कॉलेज को 5-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान कोमल मौर्य ने मुख्य अतिथि का बैज अलंकरण कर स्वागत किया। हॉकी एसोसिएशन कौशाम्बी के सचिव आशीष द्विवेदी का उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने बैज अलंकरण कर स्वागत किया।
प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में एसएवी इंटर कॉलेज ने स्टेडियम बी को 5-0 से हराया। एसएवी की ओर से संजय, आयर्न, उमंग और आयर्न सिंह ने गोल किए। दूसरे मुकाबले में खेलो इंडिया ने भगत सिंह स्टेडियम ए को 2-1 से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में एसएवी इंटर कॉलेज ने भगत सिंह स्टेडियम बी को 5-1 से पराजित किया।
सेमीफाइनल के पहले मुकाबले में एसएवी इंटर कॉलेज ने स्टेडियम बी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में स्टेडियम ए ने खेलो इंडिया को 5-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में स्टेडियम ए के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसएवी इंटर कॉलेज को 5-0 से हराया। स्टेडियम ए की ओर से मंतेश ने दो, संदीप ने दो और सुलदीप ने एक गोल किया।
फाइनल के बाद मुख्य अतिथि कल्पना सोनकर ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। निर्णायक की भूमिका मनोज कुमार, अरविंद कुमार, जितेंद्र पाल, कौशिक पाल, रमन बहादुर सिंह, अरविंद मौर्य, आलोक और मनोज ने निभाई। अंत में उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने मुख्य अतिथि, खिलाड़ियों, टीम मैनेजरों और खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
