कौशाम्बी :सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय कानेमई में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति को रंगों और चित्रों के माध्यम से कागज पर उकेरते हुए देश के उज्ज्वल भविष्य का खाका प्रस्तुत किया। बच्चों ने स्वच्छ, शिक्षित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और विकसित भारत की अपनी कल्पना को आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से सामने रखा।
कार्यक्रम खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव के दिशा-निर्देश में आयोजित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष शांति कुशवाहा मुख्य अतिथि और खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद प्रतियोगिता शुरू हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
पोस्टर प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने अपनी सोच के अनुसार भारत की तस्वीर प्रस्तुत की। किसी पोस्टर में स्वच्छ और हरा-भरा भारत दिखाई दिया तो किसी में आधुनिक शिक्षा, तकनीक, आत्मनिर्भरता और विकास को प्रमुखता दी गई। विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक सोच ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में मोहित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा छह के अर्पित कुमार द्वितीय और कक्षा छह के आर्यन ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसके अलावा सात विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। मुख्य अतिथि शांति कुशवाहा ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को अपने हाथों से पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है। साथ ही उनमें रचनात्मकता, देशप्रेम और सकारात्मक सोच का विकास होता है। खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें निरंतर नई गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
