कौशाम्बी :मूरतगंज विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय काजू-2 में बुधवार को संकुल शिक्षक बैठक आयोजित की गई। इसमें शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, शिक्षण प्रक्रिया को रुचिकर बनाने, गतिविधि आधारित पढ़ाई और निपुण लक्ष्यों की प्राप्ति पर जोर दिया गया। राज्य संदर्भ समूह के सदस्य डॉ. ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हुई बैठक में करीब 35 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग कर अपने शिक्षण अनुभव साझा किए। इस दौरान कक्षा शिक्षण में नवाचारों को अपनाने और बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए सामूहिक प्रयास करने पर चर्चा हुई।
बैठक में पकसराई, बेल्हाई, कंपोजिट विद्यालय काजू, गौहानी सहित संकुल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यालयों में अपनाई जा रही शैक्षिक गतिविधियों, शिक्षण विधियों और नवाचारों की जानकारी दी। ज्ञानेंद्र, सुषमा सहित अन्य शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि गतिविधि आधारित शिक्षण और बच्चों की सक्रिय सहभागिता से पढ़ाई को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। शिक्षकों ने इस बात पर भी जोर दिया कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता और जरूरत को ध्यान में रखकर शिक्षण की रणनीति तैयार की जानी चाहिए।
डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित न रहें, बल्कि यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक बच्चा पढ़ाए गए विषय को समझे और निर्धारित दक्षताएं हासिल करे। विद्यालय में प्रत्येक बच्चे को सीखने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए गतिविधि आधारित शिक्षण, प्रभावी शिक्षण-अधिगम सामग्री के उपयोग, नियमित आकलन और बच्चों की व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप सहयोग पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक की सफलता का वास्तविक आकलन इस बात से होता है कि उसके प्रयासों से बच्चों के सीखने के स्तर में कितना सुधार आया है।
उन्होंने शिक्षकों से आपसी संवाद बनाए रखने, सफल शिक्षण गतिविधियों को साझा करने और एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने का आह्वान किया। कहा कि कक्षा में किए जाने वाले छोटे-छोटे नवाचार भी बच्चों की सीखने की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। इसके लिए शिक्षकों को निरंतर प्रयास करने और बच्चों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है।
संकुल शिक्षक ममता चौरसिया, रजनीश यादव, अमित और रमेश सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने भी शैक्षिक समन्वय, अनुभवों के आदान-प्रदान और विद्यालयों में सकारात्मक शिक्षण वातावरण विकसित करने पर विचार रखे। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों के सामूहिक प्रयास, नियमित समीक्षा और प्रभावी शिक्षण विधियों का उपयोग आवश्यक है। बैठक का उद्देश्य बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार लाने के साथ निपुण लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विद्यालय स्तर पर प्रयासों को गति देना रहा।
