Education
🔴 Breaking

स्नेह की पूंजी छोड़ विदा हुए नीरज, श्रवण पाल के हाथों में कड़ा की कमान

स्नेह की पूंजी छोड़ विदा हुए नीरज, श्रवण पाल के हाथों में कड़ा की कमान

91 views

कौशांबी : कुछ लोग अपने पद से नहीं, बल्कि व्यवहार और कार्यशैली से लोगों के दिलों में जगह बनाते हैं। खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव का कड़ा ब्लाक में कार्यकाल भी ऐसी ही आत्मीयता और विश्वास की मिसाल रहा। दो वर्ष 10 माह 18 दिन तक उन्होंने शिक्षकों के साथ समन्वय और सहयोग की भावना से कार्य करते हुए ब्लाक को शैक्षिक गतिविधियों में अग्रणी बनाने का प्रयास किया। 18 नवंबर को कौशांबी से कार्यमुक्त होकर चित्रकूट स्थानांतरित हुए नीरज कुमार उमराव को शुक्रवार को बीआरसी कड़ा के सभागार में आयोजित समारोह में शिक्षकों ने भावभीनी विदाई दी। वहीं, बीआरसी का प्रभार मिलने पर नवागत खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार पाल का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

प्राथमिक शिक्षक संघ इकाई कड़ा की ओर से आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद शिक्षकों ने नीरज कुमार उमराव को माला पहनाकर और उपहार भेंटकर सम्मानित किया। विदाई के दौरान शिक्षकों ने उनके साथ बिताए कार्यकाल के अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि उनकी सहज कार्यशैली, स्नेहपूर्ण व्यवहार और शिक्षकों के प्रति सहयोगात्मक दृष्टिकोण ने पूरे शिक्षक परिवार को एक सूत्र में बांधे रखा। उनके नेतृत्व में शिक्षकों ने भी पूरी निष्ठा और मनोयोग से कार्य करते हुए कड़ा ब्लाक को बेहतर बनाने में योगदान दिया।

शिक्षकों को संबोधित करते हुए निवर्तमान खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव ने कहा कि कड़ा में बिताया गया कार्यकाल उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। यहां के शिक्षकों की टीम ने सदैव शिक्षा हित को प्राथमिकता देते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य किया। इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम रहा कि कड़ा ब्लाक जनपद में विभिन्न विभागीय और शैक्षिक गतिविधियों में हमेशा अग्रणी रहा। उन्होंने शिक्षक परिवार के सहयोग और आत्मीय व्यवहार के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नवागत खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार पाल ने कहा कि कड़ा ब्लाक को शैक्षिक गतिविधियों और विभागीय कार्यों में अग्रणी बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके लिए शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने शिक्षक परिवार से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से कड़ा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ब्लाक को शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का संकल्प भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अफरोज आलम, मंत्री जैनेन्द्र वर्मा, विजय कुमार, प्रभाकर मिश्रा, दीपक माले, संदीप त्रिपाठी, कमला सोनकर, डी के श्रीवास्तव, विनोद कुमार मिश्रा सहित सैकड़ों शिक्षक उपस्थित रहे। संचालन केके जायसवाल ने किया।