कौशाम्बी : सिराथू क्षेत्र के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, देवखरपुर में बुधवार को संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संचारी रोगों के कारण, लक्षण एवं उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छता अपनाने, पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संकल्प भी दिलाया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य संजय भद्र ने कहा कि अधिकांश संचारी रोग गंदगी, दूषित जल और मच्छरों के प्रकोप के कारण फैलते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, जलभराव न होने देने, शुद्ध पेयजल का उपयोग करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सावधानी ही संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
इस दौरान विद्यार्थियों को नियमित रूप से साबुन से हाथ धोने, खुले में कूड़ा न फेंकने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने बताया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर कई संक्रामक बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।
अंत में शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वच्छता को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश अपने परिवार और समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
