Education
🔴 Breaking

स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, नवप्रवेशी बच्चों को बांटी पुस्तके और राइटिंग किट

नायब तहसीलदार विनय सिंह ने बच्चों को कराया प्रवेश , मिष्ठान वितरण कर बढ़ाया उत्साह

32 views

कौशाम्बी : विकास खंड कड़ा के कंपोजिट विद्यालय मरदानपुर वर्जी में बुधवार को स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नायब तहसीलदार विनय सिंह ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से गांव के लोगों को प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने और शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत कर उन्हें पाठ्य पुस्तकें, कॉपी और राइटिंग किट वितरित की गई। साथ ही बच्चों को मिष्ठान खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने शिक्षा से संबंधित नारे लगाते हुए लोगों से अपने बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की।

इस अवसर पर नायब तहसीलदार ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन कराकर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला है।

खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव ने कहा कि स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिक्षक घर-घर संपर्क कर बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं और इसमें अभिभावकों का सहयोग भी आवश्यक है।

कार्यक्रम में एआरपी डीके श्रीवास्तव सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्साह और उल्लास के माहौल से गुलजार रहा।