Education
🔴 Breaking

शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम

आयुर्वेद के शिक्षकों को वैश्विक मानकों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की जरूरत : प्रो. विनोद कुमार

99 views

कौशाम्बी: चन्द्रशेखर सिंह आयुर्वेद संस्थान समूह कोईलहा के सभागार में विद्यार्थियों की ओर से शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति व भारत रत्न डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन सिंह ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर शरत कुमार महापात्रा ने डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के भारतीय दर्शन के क्षेत्र में योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि डा. राधाकृष्णन ने भारतीय दर्शन और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देकर देश को गौरवान्वित किया।

संस्थान के प्राचार्य प्रोफेसर विनोद कुमार ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयुर्वेद अब भारतीय सीमाओं से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है। ऐसे में आयुर्वेद के शिक्षकों के सामने वैश्विक मानकों पर खरा उतरने की बड़ी जिम्मेदारी है। शिक्षकों को आयुर्वेद के मूल स्वरूप और सिद्धांतों को सुरक्षित रखते हुए उसे समकालीन भाषा व आधुनिक संदर्भों में प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए स्वयं को तैयार करना चाहिए।

समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उप प्रधानाचार्य प्रोफेसर प्रभात कुमार तिवारी और डा. अमित सिंह ने भी शिक्षक दिवस पर सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में प्रो. अरुणा मोहंती, प्रो. बीएस पाल, डा. दीपक सिंह, डा. केसरी, डा. राजीव कुमार सिंह समेत संस्थान के शिक्षक व चिकित्सक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का निर्देशन वैद्य नरेंद्र कुमार पाण्डेय ने किया।