Education
🔴 Breaking

शिक्षक दिवस पर ग्रामीण बैंक ने 30 उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित

बैंक की योजनाओं की दी जानकारी, शाखा प्रबंधक बोले—शिक्षकों के योगदान से मजबूत होता है समाज का भविष्य

146 views
शिक्षक दिवस पर ग्रामीण बैंक ने 30 उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित
1 / 2
Image 1 of 2(Primary Cover)

कौशाम्बी : शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा तिल्हापुर मोड़ में शनिवार को शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शाखा प्रबंधक गर्वित अग्रवाल के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में विकासखंड नेवादा के करीब 30 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों को सम्मान पत्र, पुष्प गुच्छ और पेन भेंट कर उनके शैक्षिक एवं सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक गर्वित अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण और नई पीढ़ी को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल बच्चों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं। ऐसे में शिक्षकों का सम्मान करना समाज के लिए गौरव की बात है।

उन्होंने कहा कि बैंक की ओर से शिक्षकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शिक्षकों को उपलब्ध ऋण योजनाओं, बचत योजनाओं तथा अन्य बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बैंक और शिक्षक समाज के बीच बेहतर समन्वय से वित्तीय जागरूकता को भी बढ़ावा दिया जा सकता है।

समारोह में विकासखंड नेवादा के विभिन्न विद्यालयों में बेहतर शिक्षण कार्य, विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर शिक्षकों ने बैंक शाखा के प्रति आभार जताया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन शिक्षकों को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

इस अवसर पर राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद सिंह, मंत्री संतोष शर्मा, अनिल सिंह, धनंजय मिश्रा, कौशल सिंह, शकील अहमद, तैबा तसलीम, साधना अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में सम्मानित शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने अपने अनुभव भी साझा किए। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।