कौशाम्बी:उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ, कौशांबी के पदाधिकारियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर शिक्षामित्रों की विभिन्न लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। जिलाध्यक्ष रत्नाकर सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में मूल विद्यालय वापसी की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने, स्थानांतरण, 12 माह का मानदेय, 62 वर्ष तक सेवा का अवसर, कैशलेस इलाज, आकस्मिक व चिकित्सीय अवकाश सहित अन्य मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
जिलाध्यक्ष रत्नाकर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों की मूल विद्यालय वापसी व महिला शिक्षामित्रों को पति के निवास क्षेत्र के विद्यालय में समायोजन के संबंध में शासनादेश जारी किए जा चुके हैं। कई जनपदों में इस पर कार्रवाई भी शुरू हो गई है, लेकिन कौशांबी में अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षामित्रों में असंतोष व्याप्त है और वे लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संघ ने पहले भी प्रशासन को पत्र भेजकर 3 अगस्त तक प्रक्रिया पूर्ण कराने का अनुरोध किया था। यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होती है तो 25 अगस्त के बाद जनपद के शिक्षामित्र कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन के माध्यम से शिक्षामित्रों ने मांग की कि मूल विद्यालय वापसी की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, स्थानांतरण के इच्छुक शिक्षामित्रों को शीघ्र राहत दी जाए और 12 माह मानदेय, 62 वर्ष तक सेवा, कैशलेस चिकित्सा सुविधा व अवकाश संबंधी मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
इस दौरान संघ के पदाधिकारियों व बड़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे। ज्ञापन प्राप्त कर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट ने संबंधित मांगों को शासन स्तर तक भेजकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
