Social
🔴 Breaking

शहजादपुर में जय श्रीराम के जयकारों के बीच रावण का अंत, बुराई पर अच्छाई की हुई जीत

दशहरा मेले में उमड़ी भीड़, राम-रावण युद्ध और संजीवनी बूटी प्रसंग का हुआ भावपूर्ण मंचन, आकर्षक चौकियों ने मोहा मन

116 views

कौशाम्बी: सिराथू तहसील क्षेत्र के शहजादपुर में मंगलवार को विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। रावण मेला मैदान में दोपहर से ही मेले की रौनक बढ़ने लगी। क्षेत्र के दर्जनों गांवों से पहुंचे लोगों ने मेले का आनंद उठाया। मैदान में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी रहीं, जहां लोगों ने जरूरत के सामान की खरीदारी की। महिलाओं ने घरेलू उपयोग की वस्तुएं खरीदीं, जबकि बच्चों ने खिलौने और खानपान की दुकानों पर खूब उत्साह दिखाया। मेले में लगे विभिन्न प्रकार के झूलों का बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया। झूलों पर बैठकर बच्चे उत्साहित नजर आए। वहीं, राधा-कृष्ण, शंकर-पार्वती सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक कलात्मक चौकियों ने मेले की शोभा बढ़ाई। धार्मिक प्रस्तुतियों और रामलीला के प्रसंगों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

दोपहर बाद रामदल लंका मैदान पहुंचा, जहां रामलीला के प्रसंगों का मंचन शुरू हुआ। राम और रावण की सेनाओं के बीच रोमांचक गेंदा युद्ध हुआ। रेफरी के निर्देश पर दोनों दलों की मौजूदगी में शुरू हुआ यह युद्ध कुछ देर तक चला। इसके बाद लक्ष्मण और मेघनाद के बीच भीषण युद्ध का मंचन किया गया। मेघनाद ने शक्तिबाण चलाया, जिससे लक्ष्मण मूर्छित होकर भूमि पर गिर पड़े। उन्हें इस अवस्था में देखकर रामदल में मायूसी छा गई और भगवान श्रीराम चिंतित हो उठे। इसके बाद हनुमान जी लंका से सुषेण वैद्य को लेकर आए। उनके निर्देश पर हनुमान जी संजीवनी बूटी की तलाश में हिमालय पहुंचे। बूटी की पहचान नहीं कर पाने पर वह पूरा पर्वत ही उठाकर ले आए। संजीवनी बूटी मिलने पर सुषेण वैद्य ने लक्ष्मण को औषधि पिलाई, जिससे वह स्वस्थ होकर उठ खड़े हुए। इसके बाद लक्ष्मण ने दोबारा मेघनाद से युद्ध किया और उसे पराजित कर उसका वध कर दिया। इस प्रसंग के भावपूर्ण मंचन पर दर्शकों ने जयकारे लगाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

मेले में राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी, शंकर-पार्वती की चौकी समेत देवी-देवताओं के विविध स्वरूपों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। चौकियों की सजावट और कलाकारों की प्रस्तुति देखकर ग्रामीण व दर्शक भावविभोर हो उठे। श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। इन आकर्षक चौकियों ने मेले की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा को और भव्य बना दिया। इसके बाद भगवान श्रीराम और रावण के बीच घनघोर युद्ध का मंचन हुआ। श्रीराम के बाणों से रावण के शीश कटकर गिरते, लेकिन वे फिर जुड़ जाते थे। युद्ध के दौरान विभीषण ने रावण की मृत्यु का रहस्य बताया। इसके बाद भगवान श्रीराम ने रावण पर निर्णायक प्रहार किया, जिससे उसका अंत हो गया। रावण के वध के साथ ही मेला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस प्रसंग के माध्यम से लोगों को बुराई पर अच्छाई की जीत और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

मेले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्राचीन रामलीला कमेटी के सदस्यों के साथ पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में मेले का आनंद उठाया। रामलीला के भावपूर्ण मंचन, आकर्षक धार्मिक चौकियों, दुकानों और झूलों के बीच विजयदशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।