। विकासखंड सरसवां की न्याय पंचायत डेढ़ावल में बुधवार को अक्टूबर माह की शिक्षक संकुल बैठक आयोजित की गई। इसमें विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने और विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों की समीक्षा पर जोर दिया गया। बैठक के मुख्य मार्गदर्शक एआरपी हिंदी पंकज सिंह ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सामूहिक प्रयास, नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियों का प्रयोग और बच्चों की नियमित उपस्थिति जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुरूप शिक्षण गतिविधियां संचालित करने और कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
बैठक में गतिविधि आधारित शिक्षण, उच्च स्तरीय चिंतन कौशल (एचओटीएस) और समस्या आधारित शिक्षण (पीबीएल) के माध्यम से विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता और समस्या समाधान कौशल विकसित करने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही यूडाइस प्लस और स्टूडेंट प्रोफाइल के अंतर्गत विद्यालय, विद्यार्थी और शिक्षक संबंधी विवरणों का सत्यापन कर पोर्टल पर समय से अद्यतन करने के निर्देश दिए गए। विशेष अभियान 6.0 के तहत विद्यालयों में स्वच्छता बनाए रखने, कचरे का पृथक्करण करने और ई-कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में डिजिटल शिक्षण संसाधनों के प्रभावी उपयोग और निर्धारित ऑनलाइन प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को समय से पूरा करने पर चर्चा हुई। शिक्षकों ने विद्यालयों में संचालित शैक्षिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक में न्याय पंचायत डेढ़ावल के शिक्षक, संकुल शिक्षक और एलएलएफ टीम के संतोष कुमार सहित अन्य प्रतिभागियों ने सहभागिता की। अंत में शिक्षकों से बैठक में तय बिंदुओं को विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ निपुण लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयास करने की अपेक्षा की गई।
