कौशाम्बी : आउट आफ स्कूल बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए संचालित शारदा कार्यक्रम में अब लापरवाही भारी पड़ेगी। नामांकित बच्चों का बेसलाइन असेसमेंट कराने और उनकी प्रतिदिन की उपस्थिति पोर्टल पर दर्ज करने में हीलाहवाली करने वाले प्रधानाध्यापकों और नोडल शिक्षकों पर विभाग कठोर कार्रवाई करेगा। इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
बीएसए की ओर से 28 अक्टूबर को जारी निर्देश में कहा कि शारदा कार्यक्रम के तहत लक्षित और नामांकित सभी बच्चों का निर्धारित प्रारूप व दिशा-निर्देशों के अनुसार बेसलाइन असेसमेंट अनिवार्य रूप से कराया जाए। इसके जरिए बच्चों की प्रारंभिक शैक्षणिक दक्षता का आकलन किया जाएगा, ताकि उनकी सीखने की वास्तविक स्थिति के आधार पर उपचारात्मक शिक्षण (रेमेडियल टीचिंग) की प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जा सके। असेसमेंट में किसी भी पात्र बच्चे को छूटने नहीं दिया जाएगा।
इसके साथ ही शारदा कार्यक्रम में नामांकित प्रत्येक बच्चे की प्रतिदिन की उपस्थिति प्रेरणा/शारदा मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपस्थिति दर्ज करने की प्रक्रिया नियमित और समयबद्ध होनी चाहिए। किसी भी बच्चे की उपस्थिति पोर्टल पर दर्ज होने से छूटने पर संबंधित शिक्षक की जवाबदेही तय की जाएगी।
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड के विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने और बेसलाइन असेसमेंट से लेकर आनलाइन उपस्थिति दर्ज करने तक की पूरी प्रक्रिया की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानाध्यापकों और नामित नोडल शिक्षकों को निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूरे कराने के साथ पोर्टल पर डाटा फीडिंग की नियमितता भी सुनिश्चित करनी होगी।
विभाग ने साफ कर दिया है कि शारदा कार्यक्रम महज कागजी खानापूर्ति नहीं, बल्कि विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनकी शैक्षणिक स्थिति में सुधार लाने का महत्वपूर्ण अभियान है। ऐसे में बच्चों के असेसमेंट और उपस्थिति दर्ज कराने में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रधानाध्यापक और नोडल शिक्षक को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार मानते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव ने बताया कि ब्लाक के सभी संबंधित विद्यालयों को शारदा कार्यक्रम के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने को कहा गया है। बेसलाइन असेसमेंट और बच्चों की दैनिक उपस्थिति की नियमित निगरानी की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के लिए संस्तुति की जाएगी।
