कौशांबी : अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर कड़ा ब्लाक के प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में मंगलवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को साक्षरता एवं शिक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित रूप से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान बच्चों को पढ़ने-पढ़ाने तथा समाज में शिक्षा की अलख जगाने की शपथ भी दिलाई गई।
शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का आधार है। साक्षर व्यक्ति न केवल अपने अधिकारों और कर्तव्यों को बेहतर ढंग से समझ सकता है, बल्कि परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बच्चों को बताया गया कि वे स्वयं नियमित रूप से पढ़ाई करने के साथ अपने आसपास ऐसे लोगों को भी शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित करें, जो किसी कारणवश पढ़ाई से वंचित रह गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साक्षरता दिवस के उद्देश्य और उसके महत्व से परिचित कराया गया। शिक्षकों ने बच्चों से शिक्षा को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने अभिभावकों और आसपास के लोगों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। बच्चों को यह भी बताया गया कि शिक्षित समाज ही जागरूक और सशक्त समाज का निर्माण कर सकता है।
इस अवसर पर अभिभावकों की भूमिका पर भी चर्चा की गई। शिक्षकों ने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति, घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण तथा उनकी शैक्षिक गतिविधियों में अभिभावकों की भागीदारी से शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए शिक्षा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शिक्षिका माया सिंह, रिया सेठी, संध्या देवी पटेल, बीरेंद्र कुमार व वालंटियर रोहिणी देवी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
