कौशाम्बी : खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर खेल दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में खेलो इंडिया एवं फिट इंडिया अभियान के तहत रविवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशाम्बी में संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सुबह सात बजे आयोजित साइकिल रैली में करीब 60 खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में पूर्व ब्लाक प्रमुख सिराथू जितेंद्र कुमार सोनकर का उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने बैज अलंकरण कर स्वागत किया। इसके बाद रैली को विनोद कुमार सोनकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खिलाड़ियों ने साइकिल चलाकर स्वस्थ एवं फिट रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर क्रिकेट प्रशिक्षक कौशिक पाल, खेलो इंडिया प्रशिक्षक संदीप कुमार, अरविंद मौर्य, विपिन चौधरी, मनोज कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
