Education
🔴 Breaking

साइबर ठगों के झांसे से बचने के बताए तरीके, छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

कड़ाधाम पुलिस ने श्री शिवमंगल सिंह इंटर कालेज में लगाया जागरूकता शिविर, ओटीपी, बैंकिंग जानकारी और संदिग्ध लिंक से सतर्क रहने की दी सलाह

15 views

कौशाम्बी : साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस की ओर से लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को थाना कड़ाधाम पुलिस टीम ने श्री शिवमंगल सिंह इंटर कालेज, अम्बाई बुजुर्ग में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें छात्र-छात्राओं को आनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए गए।

पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में उपनिरीक्षक भोलानाथ यादव, कंप्यूटर आपरेटर ग्रेड-ए एसबी सिंह, कांस्टेबल गौरव यादव, सुरेंद्र और महिला कांस्टेबल पूजा विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी काल, मैसेज, सोशल मीडिया और संदिग्ध लिंक के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। कभी इनाम का लालच देकर तो कभी बैंक अधिकारी बनकर गोपनीय जानकारी हासिल करते हैं और खातों से रकम उड़ा देते हैं।

पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की जानकारी और पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। अनजान नंबर से आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और बिना जांचे किसी ऐप को डाउनलोड करने से बचना चाहिए। सोशल मीडिया पर निजी फोटो और व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में भी सावधानी बरतनी जरूरी है। आनलाइन खरीदारी और डिजिटल भुगतान के दौरान सतर्क रहने के साथ ही किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड नहीं करना चाहिए।

पुलिस टीम ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें और www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते सूचना देने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य, उदय भान सिंह, शिक्षक विजय सिंह, अभिमन्यु सिंह, राजेंद्र प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।