Education
🔴 Breaking

रोली टीका लगाकर बच्चों का स्वागत, स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली

15 जुलाई तक चलेगा अभियान, नामांकन बढ़ाने और हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने का लिया संकल्प

8 views

कौशाम्बी : उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण के तहत बुधवार को सिराथू के उच्च प्राथमिक विद्यालय नौगीरा में जागरूकता रैली एवं नामांकन मेले का आयोजन किया गया। अभियान के अंतर्गत विद्यालय में नवप्रवेशी बच्चों का रोली-टीका लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें शिक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। यह अभियान एक जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं के अभिनंदन से हुई। इंचार्ज प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने बच्चों के माथे पर रोली-टीका लगाकर उनका स्वागत किया और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विद्यालय परिसर में नामांकन मेले का आयोजन किया गया, जिसमें अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में मिलने वाली सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी दी गई।

बाद में बच्चों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर गांव में जागरूकता रैली निकाली। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने शिक्षा से जुड़े प्रेरक नारे लगाते हुए लोगों से अपने बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने की अपील की। रैली गांव के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और ग्रामीणों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया।

बोले इंचार्ज प्रधानाध्यापक

इंचार्ज प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने कहा, "स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए अभिभावकों का सहयोग जरूरी है। सभी अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि वे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें।"

इस अवसर पर शिक्षक अनूप कुमार सिंह, मनोज कुमार, सत्येंद्र कुमार, अनवर अहमद, कुलदीप सिंह, मृत्युंजय सिंह एवं नंदलाल सिंह सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला।