Education
🔴 Breaking

रोही संकुल में शिक्षक संकुल बैठक, शैक्षणिक नवाचारों पर हुआ मंथन

निपुण लक्ष्य हासिल करने, डिजिटल शिक्षण और बच्चों में चिंतन कौशल विकसित करने पर जोर

52 views

कौशाम्बी: विकासखंड मूरतगंज के रोही संकुल में बुधवार को नए प्रारूप में शिक्षक संकुल बैठक आयोजित की गई। इसमें शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने, शिक्षण में नवाचारों को शामिल करने और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को हासिल करने पर चर्चा हुई। दोपहर एक से तीन बजे तक आयोजित बैठक में शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को अपनाने और विद्यार्थियों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक में अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) व्योमेश मिश्र और लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के दीपक कुमार उपस्थित रहे। पीपीटी के माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया गया। शिक्षकों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी और रोचक बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया।

बैठक में बच्चों में उच्च स्तरीय चिंतन कौशल विकसित करने, परियोजना आधारित शिक्षण, सहपाठी शिक्षण, पठन अभियान और कैच-अप रणनीति को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया गया। साथ ही डिजिटल तकनीक के उपयोग से शिक्षण को सरल, रोचक और परिणामपरक बनाने पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों में समुदाय की सहभागिता बढ़ाने को भी महत्वपूर्ण बताया गया। शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के लिए आइजीओटी कर्मयोगी पोर्टल पर निर्धारित पाठ्यक्रमों को पूरा करने पर बल दिया गया।

इसके अलावा यूडाइज प्लस पोर्टल पर विद्यालय, विद्यार्थी और शिक्षक प्रोफाइल से संबंधित आंकड़ों को शुद्धता के साथ दर्ज करने और उनका सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देशों पर चर्चा हुई। स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत कचरे का पृथक्करण, चार बिन प्रणाली और ई-वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। आगामी 28 अक्टूबर को प्रातःकालीन सभा में ई-वेस्ट से संबंधित प्रश्नोत्तरी आयोजित करने और निर्धारित पोर्टल पर उसका विवरण अपलोड करने की कार्ययोजना पर विचार किया गया।

बैठक के अंतिम चरण में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें शिक्षकों ने अपनी जिज्ञासाएं रखीं और शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े सवालों पर चर्चा की। 'आज क्या नया सीखा?' गतिविधि के माध्यम से शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए। साथ ही आगामी माह की शैक्षणिक प्राथमिकताओं और विद्यालयों को निपुण बनाने की कार्ययोजना पर मंथन किया गया।

परिवर्तित विद्यालय समयावधि को लेकर शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे शैक्षणिक गतिविधियों के बेहतर नियोजन की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। बैठक में उपस्थित शिक्षक संकुलों और अध्यापकों ने नई ऊर्जा के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक बच्चे की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक का मुख्य उद्देश्य शैक्षणिक नवाचारों का आदान-प्रदान, शिक्षण प्रक्रिया में सुधार और निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को निर्धारित समय में हासिल करना रहा।