Education
🔴 Breaking

रंगों से सजा बच्चों का विकसित भारत का सपना

‘मेरे सपनों का भारत’ में छात्राओं ने चित्रों के जरिए दिखाई देश के उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर

31 views

कौशाम्बी : सिराथू विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय नौगिरा में शुक्रवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा छह से आठ तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्राओं ने रंगों और कल्पनाओं के माध्यम से विकसित भारत की अपनी परिकल्पना को कागज पर जीवंत किया।

प्रतियोगिता में किसी छात्रा ने सबके लिए शिक्षा को भविष्य के भारत की आधारशिला बताया तो किसी ने उद्योग और रोजगार के अवसरों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। छवि कुशवाहा ने सबके लिए शिक्षा, गुड़िया देवी ने उद्योग एवं रोजगार और जानवी ने सौर ऊर्जा के माध्यम से ऊर्जा आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। प्रियंशी यादव ने इसरो के उपग्रह के माध्यम से अंतरिक्ष क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की कल्पना को चित्रित किया।

खुशी देवी ने वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण, नैना ने स्वच्छ एवं सुंदर गांव, पायल चौधरी ने विकसित भारत-2047, प्राची मिश्रा ने जल संरक्षण, चांदनी ने विद्यालय एवं क्षेत्र की पहचान, नीतू देवी ने गांवों के विकास और शिवानी ने उज्ज्वल भविष्य की तस्वीर कागज पर उकेरी। छात्राओं की रचनाओं में शिक्षा, रोजगार, स्वच्छता, पर्यावरण, जल संरक्षण और आत्मनिर्भरता जैसे विषय प्रमुख रहे।

प्रधानाध्यापक विकास कुमार ने कहा कि बच्चों की कल्पनाओं में ही भविष्य के भारत की तस्वीर दिखाई देती है। उनके बनाए चित्र केवल कागज पर रंग नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को दर्शाते हैं। प्रतियोगिता में शामिल सभी छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया। उत्कृष्ट चित्रों को विद्यालय की प्रार्थना सभा में प्रदर्शित किया जाएगा।