Education
🔴 Breaking

रंगोली में सजा तिरंगा, बच्चों ने दिया देशभक्ति का संदेश

हर घर तिरंगा अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई में हुआ आयोजन, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजा परिसर

107 views

रंगोली में सजा तिरंगा, बच्चों ने दिया देशभक्ति का संदेश

हर घर तिरंगा अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई में हुआ आयोजन, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजा परिसर

कौशाम्बी : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के प्रथम चरण के तहत नेवादा के उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से देशभक्ति की भावना का संदेश दिया। प्रभारी प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी के मार्गदर्शन में कक्षा एक से आठ तक के बच्चों ने विद्यालय परिसर में आकर्षक तिरंगा रंगोली बनाई। रंगोली में केसरिया, सफेद और हरे रंगों का प्रयोग करते हुए तिरंगे की सुंदर आकृति बनाई गई। इसके बीच अशोक चक्र को भी बारीकी से उकेरा गया।

बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा

कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्र-छात्राओं ने रंगोली बनाने के साथ ही विद्यालय परिसर को भी तिरंगे के रंगों से सजाया। स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से भी विद्यालय में तिरंगे से जुड़ी गतिविधियां प्रदर्शित की गईं। शिक्षकों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के बारे में जानकारी दी।

तिरंगा लेकर लगाए देशभक्ति के नारे

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब सभी छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए। इससे विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। बच्चों में देश के प्रति उत्साह और राष्ट्रप्रेम का भाव दिखाई दिया।

शिक्षक हरिओम सिंह ने कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन से बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को देश की एकता और अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अहसास कराने का माध्यम है। स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक चक्रपाणि मिश्रा, मनु शर्मा, विजेता कनौजिया, सोनी गुप्ता और सपना श्रीवास्तव सहित अभिभावक मिल्ला देवी, आरती देवी और चंदा देवी मौजूद रहीं।