Education
🔴 Breaking

राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर बीएसए का अटेवा ने किया सम्मान

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिली उपलब्धि को बताया पूरे जनपद के लिए गौरव की बात

67 views

कौशाम्बी : राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने पर मंगलवार को अटेवा पेंशन बचाओ मंच कौशांबी के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुशवाहा के कार्यालय पहुंचकर उनका स्वागत और सम्मान किया। जिला अध्यक्ष कुशल सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने बीएसए को माला पहनाकर सम्मानित किया और राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अटेवा पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और बेहतर प्रशासनिक पहल के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार कौशांबी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि जनपद के शिक्षा विभाग को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए भी उत्साहवर्धन का कार्य करेगी। बीएसए के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों से विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।

पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय सम्मान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा विभाग के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इससे अन्य अधिकारियों और शिक्षकों को भी अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।

सम्मान प्राप्त करने के बाद बीएसए डा. कमलेन्द्र कुशवाहा ने अटेवा पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह का सम्मान कार्य के प्रति जिम्मेदारी और उत्साह को और बढ़ाता है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता जताई।

इस दौरान जिला अध्यक्ष कुशल सिंह के साथ सतीश चंद्र शर्मा, रमेश चंद्र सेन, बिनोद यादव, इकबाल अली, आशीष कुमार सिंह, अजय सिंह, सहदेव प्रसाद, प्रमोद कुमार, अमित कुमार, बृजबिहारी और अभिषेक सिंह सहित अन्य साथी मौजूद रहे।