Others
🔴 Breaking

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर चिकित्सकों का सम्मान, नवप्रवेशी छात्रों के लिए हुआ ओरियेंटेशन कार्यक्रम

चंद्रशेखर सिंह पीजी आयुर्वेदिक संस्थान में सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों पर दिया गया जोर

5 views

कौशाम्बी : चंद्रशेखर सिंह पीजी आयुर्वेदिक संस्थान, कोइलहा में बुधवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (नेशनल डॉक्टर्स डे) के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्थान में चिकित्सकों के योगदान को याद करते हुए उनका सम्मान किया गया। साथ ही द्वितीय एवं तृतीय व्यावसायिक कक्षाओं में क्रमशः प्रोन्नत हुए वर्ष 2024-25 एवं 2022-23 बैच के छात्र-छात्राओं के लिए विभागीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में संस्थान समूह के विभिन्न विभागों के चिकित्सकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ताओं ने चिकित्सक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉक्टर केवल मरीजों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ और सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने चिकित्सा पेशे को सेवा, समर्पण, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक बताया।

ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी एवं प्रोन्नत छात्रों को नए शैक्षणिक सत्र की जानकारी दी गई। उन्हें आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा की विभिन्न गतिविधियों, विभागीय कार्यप्रणाली, शैक्षणिक अनुशासन तथा भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। शिक्षकों ने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के माध्यम से सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन सिंह ने कहा कि एक चिकित्सक का दायित्व केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में विश्वास और मानवता को बनाए रखना भी उसकी बड़ी जिम्मेदारी है। सचिव एसपी सिंह एवं प्राचार्य प्रो. विनोद कुमार ने छात्र-छात्राओं को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उप-प्राचार्य प्रो. प्रभात कुमार तिवारी और डॉ. अमित सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम का संचालन वैद्य नरेंद्र कुमार पांडेय ने किया। अंत में सभी चिकित्सकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और चिकित्सा सेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की गई। पूरे आयोजन के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा और छात्र-छात्राओं में नए सत्र को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।