Education
🔴 Breaking

राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार से शालिनी कुशवाहा ने बढ़ाया कौशांबी का गौरव

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों विज्ञान भवन में मिला सम्मान, पुरस्कार ने बढ़ाई जिम्मेदारी और प्रेरणा

710 views

कौशाम्बी: शिक्षक दिवस के अवसर पर कौशांबी के शिक्षा जगत को गौरवान्वित करने वाली उपलब्धि हासिल हुई। चायल ब्लाक के कंपोजिट विद्यालय रसूलाबाद में सहायक शिक्षिका के पद पर कार्यरत शालिनी कुशवाहा को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस प्रतिष्ठित सम्मान से शालिनी कुशवाहा अभिभूत और भावुक हो उठीं। उन्होंने पुरस्कार को विद्यार्थियों, अभिभावकों, सहकर्मियों, अधिकारियों और मार्गदर्शकों के विश्वास व सहयोग का सम्मान बताया।

मूल रूप से प्रयागराज के नैनी की रहने वाली शालिनी कुशवाहा वर्तमान में कंपोजिट विद्यालय रसूलाबाद में सहायक शिक्षिका के साथ एआरपी की जिम्मेदारी भी निभा रही हैं। बच्चों की शिक्षा को रोचक, सरल और प्रभावी बनाने के लिए किए गए उनके विभिन्न नवाचारों ने उन्हें शिक्षा जगत में अलग पहचान दिलाई। उनके उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार के लिए चुना गया।

बचपन की ट्यूशन से राष्ट्रीय सम्मान तक का सफर

शालिनी कुशवाहा ने बताया कि जब राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए उनके नाम की घोषणा हुई तो वह पल उनके लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण था। उनकी आंखों के सामने बचपन में शुरू की गई ट्यूशन से लेकर आज राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने तक की पूरी शिक्षण यात्रा चलचित्र की तरह घूम गई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की छोटी-छोटी उपलब्धियां और उनके चेहरे की मुस्कान ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा रही हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, जिज्ञासा, संवेदनशीलता और रचनात्मकता विकसित करना भी है। पुरस्कार मिलने के बाद उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। अब वह अपने अनुभवों और नवाचारों को अधिक से अधिक शिक्षकों तक पहुंचाकर बच्चों के सीखने को आनंदमय व सार्थक बनाने का प्रयास करेंगी।

शालिनी कुशवाहा को इससे पूर्व राज्य अध्यापक पुरस्कार और आईसीटी राज्य पुरस्कार सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुशवाहा, चायल के खंड शिक्षा अधिकारी अरुण सिंह सहित समस्त अधिकारियों और शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।