कौशाम्बी : विकास खंड सरसवां के कंपोजिट विद्यालय रक्सौली में सहयोगात्मक पर्यवेक्षण के दौरान एआरपी हिंदी पंकज सिंह ने कक्षा आठ के छात्रों से संवाद कर उन्हें नियमित विद्यालय आने और पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में नियमित उपस्थिति विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करती है। इसलिए सभी छात्र प्रतिदिन विद्यालय आएं और कक्षा में होने वाली गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लें।
एआरपी ने छात्रों को पठन के प्रति रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित रीडिंग से विद्यार्थियों के शब्द ज्ञान, भाषा समझने की क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल में सुधार होता है। छात्रों को पाठ्य पुस्तकों के साथ ही कहानी, बाल साहित्य और ज्ञानवर्धक पुस्तकों का नियमित पठन करने की सलाह दी गई। उन्होंने कहा कि पढ़ने की आदत विद्यार्थियों के ज्ञान का दायरा बढ़ाने में सहायक होती है।
इस दौरान पंकज सिंह ने कक्षा आठ के छात्रों को राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना (NMMS) परीक्षा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने परीक्षा की उपयोगिता और विद्यार्थियों के लिए इससे मिलने वाले अवसरों के बारे में बताया। पात्र छात्रों को समय से आवेदन फार्म भरने तथा परीक्षा की तैयारी शुरू करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। उन्होंने नियमित अध्ययन और अभ्यास को परीक्षा की सफलता के लिए जरूरी बताया। इस दौरान छात्रों ने NMMS परीक्षा से संबंधित जानकारी में उत्साहपूर्वक रुचि दिखाई।
