कौशाम्बी: सिराथू क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नादिन का पूरा में रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने एक-दूसरे को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र प्रेम, स्नेह और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। बच्चों की सहभागिता से विद्यालय का वातावरण उत्सवमय हो गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने रक्षाबंधन पर्व के महत्व को समझते हुए एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया। शिक्षकों ने भी बच्चों को पर्व की सामाजिक एवं सांस्कृतिक महत्ता के बारे में जानकारी दी।
सहायक अध्यापक आशीष कुमार सिंह ने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे की रक्षा, सम्मान, सहयोग और विश्वास का संकल्प लेने का पर्व है। हमें भाई-बहन के रिश्ते के साथ-साथ समाज में भी प्रेम, भाईचारा और सौहार्द की भावना को मजबूत करना चाहिए।
प्रधानाध्यापक शैलेंद्र सिंह ने बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे पर्व बच्चों में संस्कार, सामाजिक जुड़ाव और आपसी सद्भाव की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी बच्चे एवं शिक्षक मौजूद रहे।
