Sports
🔴 Breaking

राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में पहलवानों ने दिखाया दमखम

45 से 110 किग्रा भार वर्ग में खिलाड़ियों ने जीते पदक, 22 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा

9 views

कौशांबी। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश कुश्ती एसोसिएशन के समन्वय से स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में आयोजित राज्य स्तरीय सबजूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। 21 से 23 अगस्त तक चली प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों सहित स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर समेत कुल 22 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के तीसरे दिन मुख्य अतिथि धर्मराज मौर्य का उपक्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने बुके, बैज, स्मृति चिह्न, माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय तथा क्षेत्रीय खेल कार्यालय प्रयागराज के क्रीड़ाधिकारी शिव कुमार यादव का भी स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों और निर्णायक मंडल का स्वागत करते हुए पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता का संचालन उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के 12 क्वालीफाइड निर्णायकों की देखरेख में किया गया।

इन खिलाड़ियों ने हासिल किया स्थान

45 किग्रा भार वर्ग में अयोध्या के सन्नी यादव प्रथम और वाराणसी के आर्यन द्वितीय रहे। 48 किग्रा में आगरा के हेमंत ने पहला और मिर्जापुर के शिवा मौर्य ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 51 किग्रा में आगरा के युवराज प्रथम और मेरठ के शौर्य द्वितीय रहे।

55 किग्रा भार वर्ग में मेरठ के कार्तिक भाटी प्रथम और गोरखपुर के अनिकेत द्वितीय रहे। 60 किग्रा में वाराणसी के पीयूष यादव ने प्रथम तथा मेरठ के देव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 65 किग्रा में प्रयागराज के सत्यम प्रथम और मेरठ छात्रावास के अतुल कुमार द्वितीय रहे।

71 किग्रा भार वर्ग में वाराणसी के रितेश पटेल प्रथम और अलीगढ़ के शनि प्रताप द्वितीय रहे। 80 किग्रा में मिर्जापुर के नीरज यादव ने प्रथम तथा गोरखपुर के आयुष पांडेय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 92 किग्रा में आगरा के शैलेश सिंह प्रथम रहे। वहीं 110 किग्रा भार वर्ग में मेरठ छात्रावास के शाक्ष प्रथम और मुरादाबाद के मनन ठिल्लो द्वितीय रहे।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायक मंडल के गोरखनाथ यादव, ऋषि, श्वेत सिंह, जयवीर त्रिपाठी, दर्शन यादव, ओमकार यादव, धीरज कुमार, मनोज, विपिन चौधरी, रामलौटन, अमरनाथ, राम कैलाश पाल, अरविंद मौर्य, प्रवेश कुमार आदि ने सहयोग किया। प्रतियोगिता के समापन पर उपक्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने सभी खिलाड़ियों, निर्णायकों और सहयोगियों का आभार जताया।