कौशांबी। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशांबी में चल रही राज्य स्तरीय सबजूनियर बालक कुश्ती प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को विभिन्न भार वर्गों में पहलवानों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों और स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर समेत कुल 22 टीमों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
दूसरे दिन के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी रहे। उप क्रीड़ाधिकारी अजय प्रताप साहू ने बुके, बैज एवं स्मृति चिह्न भेंट करने के साथ माल्यार्पण और साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। अजय प्रताप साहू ने खिलाड़ियों और निर्णायक मंडल का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए उनका मनोबल बढ़ाया।
प्रतियोगिता का संचालन उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ द्वारा नियुक्त 12 क्वालीफाइड निर्णायकों की देखरेख में किया जा रहा है। दूसरे दिन हुए मुकाबलों में 45 किग्रा भार वर्ग में नैतिक यादव (देवीपाटन) ने कृष्णा पाल (लखनऊ) तथा मुनेद्र (बरेली) ने आयुष (आजमगढ़) को हराया। 48 किग्रा में विजय (मिर्जापुर) ने अंश यादव (वाराणसी) और आयान खान (मुरादाबाद) ने ईसू (मेरठ) को पराजित किया।
51 किग्रा भार वर्ग में प्रिंश सोनकर (वाराणसी) ने करन यादव (मिर्जापुर) तथा युगांक (मेरठ) ने चंद्रेश (गोरखपुर) को शिकस्त दी। 55 किग्रा में वश (सहारनपुर) ने उमेश यादव (मिर्जापुर) और पवन (गोरखपुर) ने धर्मेंद्र (प्रयागराज) को हराया। 60 किग्रा में हर्ष (मेरठ) ने कुणाल वर्मा (प्रयागराज) तथा सुमित कुमार (अयोध्या) ने भूपेंद्र यादव (कानपुर) को पराजित किया। 65 किग्रा में आरव (सहारनपुर) ने शुभम (प्रयागराज) और हर्ष राज (गोरखपुर) ने अमन यादव (आजमगढ़) को हराया।
निर्णायक की भूमिका में गोरखनाथ यादव, ऋषि, श्वेत सिंह, जयवीर त्रिपाठी, दर्शन यादव, ओमकार यादव, धीरज कुमार, मनोज, विपिन चौधरी, राम लौटन, अमरनाथ, राम कैलाश पाल, अरविंद मौर्य, प्रवेश कुमार आदि ने सहयोग किया। प्रतियोगिता के शेष मुकाबले एवं फाइनल मुकाबले 23 अगस्त को खेले जाएंगे।
