Education
🔴 Breaking

राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सुमन कुशवाहा का हुआ सम्मान

मेंडई कल्याणी सेवा ट्रस्ट के तीन दिवसीय प्रदर्शनी मेले में मिला सम्मान, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे और संतों का प्राप्त किया आशीर्वाद

14 views

कौशाम्बी :नेवादा विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर में तैनात राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सुमन कुशवाहा को सोमवार को एक विशेष समारोह में सम्मानित किया गया। मेंडई कल्याणी सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी मेले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र, शाल, स्मृति-चिह्न और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे सहित कई गणमान्य व्यक्तियों और संतों का सानिध्य व आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिला।

दो नवंबर 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में भारत के 61 हिंदू रत्नों की सूची में शामिल सम्मानित व्यक्तित्वों की उपस्थिति रही। समारोह में ट्रस्ट के महामंत्री राजेंद्र कुमार ने अपने कर-कमलों से शिक्षिका सुमन कुशवाहा को प्रशस्ति पत्र, शाल और स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर उपस्थित लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया।

उल्लेखनीय है कि सुमन कुशवाहा को शिक्षक दिवस के अवसर पर पांच सितंबर 2026 को गोरखपुर में आयोजित समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान, समर्पण और शिक्षण कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला था।

लगातार मिल रहे सम्मानों से प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर और नेवादा विकासखंड का गौरव बढ़ा है। इस अवसर को सुमन कुशवाहा ने अपने लिए गौरव और प्रेरणा का क्षण बताते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।