Education
🔴 Breaking

राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए कौशांबी के तीन शिक्षक चयनित

13 अगस्त को लखनऊ में होगा पुनर्मूल्यांकन, प्रस्तुतीकरण और साक्षात्कार

127 views

कौशांबी :राज्य अध्यापक पुरस्कार वर्ष 2025 के लिए जिले के तीन शिक्षक-शिक्षिकाओं का चयन किया गया है। जिला चयन समिति ने मूल्यांकन मैट्रिक्स के आधार पर चयनित शिक्षकों के नाम जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद शासन को भेजे हैं। अब इन शिक्षकों का पुनर्मूल्यांकन, प्रस्तुतीकरण व साक्षात्कार राज्य चयन समिति के समक्ष होगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा की ओर से जारी पत्र के अनुसार 13 अगस्त को अपराह्न एक बजे से बेसिक शिक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश, निशातगंज लखनऊ के सभागार में राज्य चयन समिति द्वारा प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को चयनित शिक्षकों को समय से उपस्थित होने के लिए अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षकों में प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर, विकासखंड नेवादा की प्रधानाध्यापिका सुमन कुशवाहा, प्राथमिक विद्यालय नन्दा का पूरा, विकासखंड नेवादा के सहायक अध्यापक पंकज यादव और कंपोजिट विद्यालय उजिहिनी खालसा विकास खंड मूरतगंज के सहायक अध्यापक संदीप कुमार शर्मा शामिल हैं। तीनों शिक्षक 13 अगस्त को लखनऊ पहुंचकर राज्य चयन समिति के समक्ष अपना प्रस्तुतीकरण देंगे और साक्षात्कार में प्रतिभाग करेंगे।