कौशाम्बी। पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के घटक दल भारतीय अपना समाज पार्टी और राष्ट्रीय पूर्वांचल एकता पार्टी की ओर से मंगलवार को कार्यकर्ता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के बाद जिलाध्यक्ष पूरन चंद मिश्र ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
मुख्य अतिथि भारतीय अपना समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्वांचल भागीदारी संकल्प मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक राजन सिंह सूर्यवंशी, रघुनाथ उपाध्याय और जिलाध्यक्ष पूरन चंद मिश्र ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और गरीबी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आमजन को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाने और मिशन 2027 के लिए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
ज्ञापन में सहारा समेत अन्य निवेशकों के फंसे धन का भुगतान कराने, पूर्वांचल को अलग राज्य का दर्जा देने, किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने की मांग की गई। कक्षा 12 तक कॉन्वेंट स्कूलों में निशुल्क शिक्षा, आरक्षण व्यवस्था की विसंगतियां दूर करने और सवर्ण आयोग के गठन की मांग भी उठाई गई।
वक्ताओं ने बढ़ती जनसंख्या, गिरते जलस्तर और जातीय भेदभाव पर चिंता जताते हुए इन समस्याओं के समाधान की आवश्यकता बताई। इस दौरान संजय पांडेय, नीलम सिंह, हरिशचंद उपाध्याय, राम स्वारथ सिंह, महेंद्र साहनी, नसीम बाबू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
