Education
🔴 Breaking

पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के बीच कस्तूरबा विद्यालय में नए सत्र का आगाज

बेटियां शिक्षा के दम पर हर मुकाम हासिल कर सकती है: कृष्ण प्रकाश सिंह

8 views

कौशांबी : आवासीय कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय म्योहर में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। विद्यालय पहुंचीं छात्राओं का शिक्षकों और कर्मचारियों ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और रोली-टीका लगाकर स्वागत किया। आत्मीय स्वागत से छात्राओं के चेहरे खिल उठे और विद्यालय परिसर में नए सत्र को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।

नए सत्र के पहले दिन छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य और शैक्षणिक उन्नति की कामना की गई। उन्हें नियमित अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय प्रशासन ने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

बेटियां शिक्षा के दम पर हर मुकाम हासिल कर सकती हैं : कृष्ण प्रकाश सिंह

कौशांबी ब्लॉक के एआरपी कृष्ण प्रकाश सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी ताकत है और इसके बल पर बेटियां हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि छात्राएं आत्मविश्वास, अनुशासन और परिश्रम को अपना मूल मंत्र बनाएं तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा से अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि कस्तूरबा विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को नई पहचान और बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है, जिसका लाभ उठाकर छात्राएं अपने परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन करें।

इस दौरान छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन शीला देवी, अध्यापिका बबिता त्रिपाठी, अनिता देवी, अर्चना गुप्ता, वर्षा सिंह, विद्या भारती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।