कौशाम्बी: अटेवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर बुधवार को कड़ा ब्लाक संसाधन केंद्र (बीआरसी) सभागार में जिला अध्यक्ष कुशल सिंह की अध्यक्षता में संगोष्ठी आयोजित हुई। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन ने किया। संगोष्ठी में पुरानी पेंशन बहाली के लिए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान तेज करने तथा आगामी आंदोलनों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत में जिला अध्यक्ष कुशल सिंह ने राजीव सिंह पटेल को पुनः कड़ा ब्लाक अध्यक्ष मनोनीत किया। जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। इस पर राजीव सिंह पटेल ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करते हुए शिक्षकों और कर्मचारियों के हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
जिला आईटी सेल प्रभारी आशीष कुमार सिंह ने 21 अगस्त को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने तथा नए सदस्यों को अटेवा से जोड़ने की अपील की। वहीं कड़ा ब्लाक कोषाध्यक्ष अरविंद गौड़ ने लखनऊ में प्रस्तावित विशाल रैली में जिले के शिक्षकों और कर्मचारियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
ब्लाक आईटी सेल प्रभारी राजेश कुमार ने संगठन को तन, मन और धन से सहयोग देने तथा फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर #OPS अभियान को व्यापक रूप से चलाने की अपील की।
संगोष्ठी में सबीना बानो, रेनू वर्मा, रेशमा बानो, अहमद रजा, दिनेश कुमार श्रीवास्तव, विनोद कुमार शुक्ल, मोहम्मद इदरीश, मोहम्मद याकूब, संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
