Social
🔴 Breaking

पुण्यतिथि पर गरीब बच्चों को बांटी शैक्षिक सामग्री, शिक्षा के लिए किया प्रेरित

राम सियासन शास्त्री बोले- शिक्षा से ही संवरेगा बच्चों का भविष्य, संसाधनों के अभाव में किसी की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए

10 views

कौशाम्बी : सिराथू तहसील क्षेत्र के अहिरारा गांव निवासी ज्योतिषाचार्य राम सियासन शास्त्री ने अपने पिता स्वर्गीय सरजू प्रसाद की दूसरी पुण्यतिथि पर सेवा और शिक्षा को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर गांव के गरीब और जरूरतमंद बच्चों को आमंत्रित कर उन्हें शैक्षिक सामग्री वितरित की गई। दो दर्जन से अधिक बच्चों को बैग, कापी, पेन सहित अन्य स्टेशनरी सामग्री प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही बच्चों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई।

बच्चों को संबोधित करते हुए ज्योतिषाचार्य राम सियासन शास्त्री ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के जीवन को नई दिशा देने और उनके भविष्य को संवारने का सबसे मजबूत माध्यम है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिता स्वर्गीय सरजू प्रसाद की पुण्यतिथि पर शैक्षिक सामग्री वितरित करने का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। गरीब परिवारों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, लेकिन कई बार संसाधनों के अभाव में उनकी पढ़ाई प्रभावित हो जाती है। ऐसे बच्चों को सहयोग देकर उनके सपनों को उड़ान दी जा सकती है।

उन्होंने बच्चों से नियमित विद्यालय जाने, मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। कहा कि आज का बच्चा ही कल का जिम्मेदार नागरिक बनेगा। इसलिए बच्चों की शिक्षा और संस्कार पर विशेष ध्यान देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बैग, कापी, पेन और अन्य आवश्यक स्टेशनरी सामग्री वितरित की गई। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। सभी बच्चों को मेहनत और लगन से पढ़ाई कर अपने माता-पिता और गांव का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया।

राम सियासन शास्त्री ने कहा कि गरीबों की सेवा और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना उनके पिता की स्मृति को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों की सहायता करते रहने की बात कही।

इस मौके पर भगवान दास, दिनेश कुमार पटेल, निरंजन सिंह, आशीष सहित अन्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों और स्वजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायी बताया।