कौशाम्बी : विकासखंड मंझनपुर स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) में संचालित एफएलएन व एनसीईआरटी आधारित शिक्षक प्रशिक्षण का शुक्रवार को जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) धर्मनाथ ने औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, शिक्षकों की सहभागिता और प्रशिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान तीन प्रतिभागी प्रशिक्षण कक्ष से बाहर मिले। इस पर जिला समन्वयक ने नाराजगी जताते हुए उन्हें कड़ी चेतावनी दी और सभी प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षण हाल में ही उपस्थित रहकर नियमानुसार प्रशिक्षण लेने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में सीखी जा रही गतिविधियों और नवीन शिक्षण तकनीकों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू कर बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार लाना ही इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को औपचारिकता न मानकर पूरी गंभीरता से लिया जाए, ताकि इसका लाभ सीधे विद्यार्थियों तक पहुंच सके। संदर्भदाताओं द्वारा बताए जा रहे नवाचारी शिक्षण तरीकों को कक्षा शिक्षण में अपनाने पर भी उन्होंने जोर दिया।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार गुप्ता, एआरपी अनुज वर्मा, राम नरेश, विशाल, सीबी रैना, रजनी केशरवानी व एलएलएफ की ओर से श्वेता सिंह मौजूद रहीं।
