Education
🔴 Breaking

प्राथमिक विद्यालय लालपुर को मिला ‘मॉडल स्कूल’ का दर्जा

बच्चों को बांटे गए आई-कार्ड, टाई और बेल्ट, अधिकारियों ने परखी शैक्षणिक व्यवस्था

76 views

कौशाम्बी : विकासखंड मूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय लालपुर में बुधवार को प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव ने बच्चों को आई-कार्ड, टाई और बेल्ट वितरित किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर किया। आलोक द्विवेदी ने मंत्रोच्चारण किया। एआरपी नरेश कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया। विद्यालय स्टाफ के सहयोग से सभी बच्चों को आई-कार्ड, टाई और बेल्ट प्रदान किए गए।

इसके बाद नीरज उमराव, एआरपी नरेश कुमार व आलोक द्विवेदी ने राकेश बत्रा, प्रियंका सिंह, दाक्षी चौधरी तथा प्रधानाध्यापक विजय कुमार कटियार के साथ विद्यालय के कक्षा-कक्षों का निरीक्षण किया। कक्षाओं की आकर्षक सजावट, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और शिक्षण व्यवस्था देखकर अधिकारियों ने विद्यालय स्टाफ की सराहना की। प्रभारी बीईओ ने प्राथमिक विद्यालय लालपुर को ‘मॉडल स्कूल’ की उपाधि से नवाजा।

नीरज उमराव ने अभिभावकों से बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने और उन्हें नियमित रूप से गणवेश में विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों को नवोदय विद्यालय और विद्याज्ञान प्रवेश परीक्षा के लिए बच्चों को विशेष तैयारी कराने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों व शिक्षकों ने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया और उसकी गुणवत्ता की जानकारी ली। बच्चों ने भोजन को संतोषजनक बताया। अंत में एआरपी नरेश कुमार व प्रधानाध्यापक विजय कुमार कटियार ने अतिथियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।