Education
🔴 Breaking

प्राथमिक विद्यालय खरौना में परखी शिक्षण व्यवस्था

डीसी एमआईएस के औचक निरीक्षण में शिक्षण व्यवस्था मिली व्यवस्थित, दिसंबर तक विद्यालय को निपुण बनाने का लक्ष्य

52 views

कौशाम्बी : परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था की हकीकत परखने के लिए बुधवार को डीसी एमआईएस वरुण पांडे ने प्राथमिक विद्यालय खरौना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पठन-पाठन, मध्याह्न भोजन और निपुण भारत मिशन के तहत संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में व्यवस्थाएं व्यवस्थित मिलीं।

विद्यालय में नामांकित 62 बच्चों के सापेक्ष 51 बच्चे उपस्थित पाए गए। बुधवार होने के कारण बच्चों को निर्धारित मात्रा में दूध वितरित किया जा रहा था। मध्याह्न भोजन के तहत तैयार हो रही तहरी में सोयाबीन की बड़ी, मटर, गोभी और टमाटर का प्रयोग किया गया था। भोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप बनता हुआ मिला।

विद्यालय में शिक्षक डायरी और निपुण तालिका कक्षा-कक्षों में चस्पा होने के साथ ही भरी हुई मिली। समय सारिणी के अनुसार कक्षावार शिक्षण कार्य संचालित हो रहा था। शिक्षक शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के माध्यम से बच्चों को पढ़ाते मिले। निरीक्षण में शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास भी सामने आए।

शिक्षक संकुल अंकित श्रीवास्तव ने बताया कि विद्यालय को दिसंबर तक निपुण बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। बच्चों के शैक्षिक स्तर में सुधार लाने और निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए शिक्षक लगातार मेहनत कर रहे हैं।

इस दौरान प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार मिश्र, सहायक अध्यापक रवि शंकर दुबे, सहायक अध्यापिका आकांक्षा पांडे और शिक्षामित्र कल्पना देवी उपस्थित रहीं।