Education
🔴 Breaking

पोस्टर बनाकर बच्चों ने दिया जल संरक्षण का संदेश

भूजल सप्ताह के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई, नेवादा में जागरूकता कार्यक्रम, ग्रीन शिक्षक ने जल बचाने का दिलाया संकल्प

168 views

कौशाम्बी: जनपद में मनाए जा रहे भूजल सप्ताह (16 से 22 जुलाई) के अंतर्गत शुक्रवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई, नेवादा में जल संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक पोस्टर बनाकर जल संरक्षण का संदेश दिया तथा पानी की प्रत्येक बूंद को बचाने का संकल्प लिया। बच्चों ने चित्रों और नारों के माध्यम से जल संकट के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी के मार्गदर्शन एवं ग्रीन शिक्षक हरिओम सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने "जल ही जीवन है", "बूंद-बूंद बचाओ, भविष्य बनाओ", "आज बचाएंगे पानी, तभी सुरक्षित होगी जिंदगानी" जैसे प्रेरक संदेशों से युक्त पोस्टर तैयार किए। बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया और जल संरक्षण के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाया।

इस अवसर पर ग्रीन शिक्षक हरिओम सिंह ने कहा कि "भूजल का स्तर लगातार घट रहा है। यदि आज से ही जल संरक्षण को अपनी आदत नहीं बनाया गया तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा। वर्षा जल का संचयन, पानी का सीमित एवं विवेकपूर्ण उपयोग तथा जल स्रोतों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि प्रतिदिन थोड़ी-सी भी पानी की बचत करे तो इसका बड़ा सकारात्मक परिणाम सामने आएगा। जल बचाना केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाले भविष्य के प्रति हमारा नैतिक कर्तव्य भी है।"

शिक्षिका प्रतिमा कुमारी ने कहा कि जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है और इसका संरक्षण वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की पीढ़ियों के सुरक्षित जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घरों एवं आसपास के लोगों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शिक्षिका सपना श्रीवास्तव, अर्चना सिंह, सोनी गुप्ता, अन्नू केसरवानी तथा शिक्षक चक्रपाणि मिश्र एवं हुबलाल वर्मा सहित विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए दैनिक जीवन में पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प दोहराया। विद्यालय परिवार ने इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने का भी संकल्प लिया।