Education
🔴 Breaking

फसल अवशेष जलाने से घटती है मिट्टी की उर्वरता, जैविक खाद से बढ़ेगी भूमि की सेहत

खेत बचाओ अभियान के तहत कादीपुर में कृषक जागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, मृदा वैज्ञानिक ने किसानों को बताए टिकाऊ खेती के तरीके

68 views

कौशाम्बी : खेतों की लगातार घटती उर्वरता और खेती की बढ़ती लागत किसानों के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में खेती को लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए परंपरागत तौर-तरीकों में बदलाव लाना जरूरी है। फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उन्हें खेत में ही सड़ाकर जैविक खाद तैयार करने से न केवल मिट्टी की सेहत सुधरेगी, बल्कि उसकी उर्वरता भी लंबे समय तक बनी रहेगी। इससे रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के साथ खेती की लागत घटाने में भी मदद मिलेगी।

यह बातें कृषि विज्ञान केंद्र के मृदा वैज्ञानिक डा. मनोज कुमार सिंह ने विकास खंड सिराथू के ग्राम कादीपुर में खेत बचाओ अभियान के तहत आयोजित कृषक जागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि खेतों में पराली और अन्य फसल अवशेष जलाने से मिट्टी के उपयोगी सूक्ष्म जीव नष्ट होते हैं। साथ ही मिट्टी में मौजूद जैविक तत्वों को भी नुकसान पहुंचता है। इसके विपरीत फसल अवशेषों को खेत में सड़ाने से जैविक पदार्थ बढ़ते हैं और मिट्टी की संरचना में सुधार होता है।

उन्होंने कहा कि मिट्टी को स्वस्थ रखने के लिए केवल रासायनिक उर्वरकों पर निर्भर रहना उचित नहीं है। किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग करना चाहिए। खेतों में कार्बनिक पदार्थों की मात्रा बढ़ाने के लिए दलहनी फसलों को हरी खाद के रूप में अपनाना चाहिए। इसके अलावा मल्चिंग, फसल विविधीकरण और सूक्ष्म सिंचाई जैसी तकनीकों को भी खेती में शामिल करना जरूरी है। इन उपायों से मिट्टी में नमी संरक्षण, पोषक तत्वों की उपलब्धता और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम प्रशासक राम मिलन ने वर्मी कंपोस्ट को मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने का उपयोगी माध्यम बताते हुए किसानों से इसके अधिकाधिक प्रयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि गांव के आरआरसी सेंटर में वर्मी कंपोस्ट उपलब्ध है। किसान इसका उपयोग कर रासायनिक खादों पर अपनी निर्भरता कम कर सकते हैं।

इस दौरान प्रगतिशील किसान राम अभिलाष मौर्य ने प्राकृतिक खेती और संतुलित उर्वरक प्रबंधन को लेकर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि खेती में स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग कर लागत कम की जा सकती है। किसानों को मिट्टी की जरूरत के अनुसार खाद और उर्वरकों का इस्तेमाल करना चाहिए, जिससे उत्पादन के साथ भूमि की गुणवत्ता भी बनी रहे।

कार्यक्रम में राम अभिलाष, सूरजबली मौर्य, हनुमान मौर्य, गोरेलाल और नरेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।